वाराणसी : लल्लापुरा में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस, मकान विवाद और पारिवारिक तनाव के बीच उठाया आत्मघाती कदम
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में सोमवार को युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान इखलाक खान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पिछले कई वर्षों से मकान निर्माण को लेकर चल रहे विवाद और पारिवारिक तनाव के कारण वह काफी परेशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी यासमीन के अनुसार, पक्की बाजार पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित पैतृक मकान के निर्माण को लेकर करीब 16 वर्षों से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि मकान निर्माण को लेकर बिल्डर और परिवार के सदस्यों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी। इसी विवाद के चलते इखलाक पिछले कुछ समय से तनाव में थे।
परिजनों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से वह लगातार मकान से संबंधित समस्या का समाधान निकालने का प्रयास कर रहे थे। वह बिल्डर और परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत कर मामले को सुलझाने अथवा अपने हिस्से को अलग करने की बात भी कर रहे थे। पत्नी का कहना है कि इस विवाद का असर उनकी मानसिक स्थिति पर पड़ रहा था।
घटना के दिन भी इखलाक अपनी पत्नी से मिले थे। परिजनों के अनुसार, उस समय वह काफी तनाव में नजर आ रहे थे। इसके बाद यासमीन किसी काम से चेतगंज चली गईं। कुछ समय बाद किराएदार की ओर से फोन कर घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

