वाराणसी : सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के सोनिया इलाके में मंगलवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात पीआरबी-4626 के माध्यम से सिगरा थाने को सूचना मिली कि मौलवीबाग रोड स्थित यथार्थ होटल के सामने सड़क दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक युवक सड़क के बीच गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला, जबकि उसकी मोटरसाइकिल कुछ दूरी पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी।
पुलिस ने बिना देर किए एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शाहिल (21 वर्ष) निवासी सरैया, जलालीपुरा, थाना जैतपुरा, वाराणसी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनकी चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
सिगरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कबीर चौरा अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। फिलहाल पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच में जुटी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।

