वाराणसी : गंगा में डूबने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के डोमरी गांव के सामने गंगा में नहाते वक्त युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी मनाने के बाद दोस्तों संग गंगा नहाने गया था। उसी दौरान हादसे का शिकार हो गया।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती सर्कस रोड निवासी साहिल मोहल्ले के चार दोस्तों अमित, सुमित, आलोक और सुधांशु के साथ देर शाम डोमरी क्षेत्र में पहुंचा। सुधांशु का जन्मदिन होने के कारण सभी ने उसका केक काटा। पार्टी मनाने के बाद दोस्तों ने गंगा नहाने का मन बनाया और डोमरी पहुंचे।
सभी दोस्त डोमरी गांव के समीप गंगा में नहा रहे थे। उसी दौरान साहिल अचानक गहरे पानी में चला गया। साहिल के डूबने की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ ने सर्च अभियान शुरू किया। रात तक चली खोजबीन में साहिल का पता नहीं चला।
एनडीआरएफ की टीम ने दूसरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया। डोमरी गांव के सामने गंगा से साहिल का शव बरामद हुआ। साहिल के पिता सीआरपीएफ में एसआई हैं। इस समय पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। बेटे का शव देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

