वाराणसी : वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मोहनसराय पुलिस चौकी क्षेत्र के जगतपुर जीटी रोड पर सोमवार भोर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक पिछले कुछ दिनों से जगतपुर और आसपास के इलाके में सड़क किनारे घूमता दिखाई देता था। बताया गया कि वह अक्सर नशे की हालत में रहता था और आसपास ही रहकर समय गुजारता था। रविवार रात भी वह जगतपुर सर्विस रोड पर सड़क किनारे सो गया था। सोमवार भोर किसी अज्ञात वाहन के वहां से गुजरने के दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह राहगीरों ने सड़क पर युवक को पड़ा देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके साथ ही मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतक की पहचान से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

