वाराणसी : रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव में रेलवे ट्रैक पर हुए एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। ट्रेन की चपेट में आने से हुई युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मंगलवार देर रात रखौना गांव स्थित दलित बस्ती के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पर खजुरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
बुधवार को पुलिस की जांच और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान रखौना गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। जैसे ही परिवार को अनिल की मौत की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने बताया कि अनिल कुमार का खेत रेलवे लाइन के किनारे स्थित है। मंगलवार रात वह खेत में धान की बेहन (नर्सरी) डालने गया था। आशंका जताई जा रही है कि कार्य समाप्त करने के बाद घर लौटते समय रेलवे ट्रैक पार करते समय वह प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही किसी ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अनिल कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उसकी असामयिक मौत से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया है।

