वाराणसी : ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के बैरवन गांव के सामने ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। युवक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस घटना की छानबीन के साथ ही मृतक की शिनाख्त में जुटी है। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार की दोपहर युवक कुछ देर तक रेलवे लाइन के किनारे खड़ा था और वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही ट्रेन के सामने अचानक कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोहनसराय चौकी इंचार्ज अमीर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

चौकी इंचार्ज के अनुसार मृतक ने मैरून रंग का गमछा, नीले रंग की शर्ट और कत्थई रंग का अंडरवियर पहन रखा था। उसके दाहिने हाथ में कलावा बंधा हुआ था तथा पैर लाल रंग से रंगा हुआ था। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान करने में काफी दिक्कत आ रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों को सूचना देकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है।

Share this story