वाराणसी : ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मोहनसराय पुलिस चौकी क्षेत्र के बैरवन गांव के पास सोमवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लहरतारा निवासी मयूर गुप्ता के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

बैरवन गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर सोमवार देर रात युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे मोहनसराय चौकी प्रभारी देवेंद्र दुबे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता विनोद चंद्र गुप्ता और मां सुमन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक मयूर परिवार का इकलौता बेटा था और अभी अविवाहित था। पिता ने बताया कि मयूर रविवार सुबह घर से निकला था। इसके बाद देर रात ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत की खबर मिली।

इकलौते बेटे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this story