वाराणसी : पत्नी के मायके से न लौटने पर युवक ने दी जान, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के उकथी तड़वा तड़वा बस्ती में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी के मायके से वापस न आने पर युवक के खुदकुशी की बात सामने आ रही है।
उकथी तड़वा बस्ती निवासी सूरज रोजी-रोटी के लिए सूरत में काम करता था और हाल ही में गांव लौटा था। घटना की रात वह कमरे में सोने चला गया। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। खिड़की से झांकने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा कि मायके गई पत्नी की विदाई कराने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी वापस नहीं आई। इससे आहत होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया।

