वाराणसी : शादी का झांसा देकर छह साल तक किया शारीरिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बड़ागांव पुलिस ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने तथा विरोध करने पर धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोईराजपुर अंडरपास के पास से पकड़ लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि गांव का निवासी रोहित कुमार भारती पिछले लगभग छह वर्षों से विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। पीड़िता का कहना है कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने विवाह से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी के परिजन कैलाश, गीता, सोनू और छोटू ने भी पीड़िता के साथ मारपीट की तथा उसे धमकाया कि यदि उसने दोबारा शादी का दबाव बनाया या किसी प्रकार की शिकायत की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ागांव थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी। मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने कोईराजपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर आरोपी रोहित कुमार भारती को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका पीड़िता के साथ प्रेम संबंध था और उसने विवाह का आश्वासन दिया था। आरोपी ने बताया कि बाद में विवाह को लेकर दबाव बढ़ने पर उसने शादी से इंकार कर दिया। उसने यह भी बताया कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह रिश्तेदारी में भागने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार भारती ग्राम भेलखा, थाना बड़ागांव का निवासी है। गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक विवेकानंद द्विवेदी, उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र धर दूबे तथा थाना बड़ागांव की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this story