वाराणसी : राहगीर से मोबाइल और पांच हजार रुपये लूटने वाला आरोपी पकड़ाया, बाइक बरामद

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में राहगीर के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी पीड़ित और स्थानीय लोगों की तत्परता से हुई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को चिलबिला के आगे बौलिया से पहले टीका ब्रह्मा बाबा मंदिर के पास राकेश यादव निवासी बलरामपुर के साथ मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और करीब पांच हजार रुपये छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित और स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी धर्मवीर राजभर उर्फ नान्हू को कुंभापुर गांव के पास पकड़ लिया।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर बड़ागांव थाने में मुकदमा अपराध संख्या 402/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी धर्मवीर राजभर उर्फ नान्हू (21) निवासी कुड़ी, बड़ागांव के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।

पूछताछ में दो साथियों का खुलासा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर राहगीर से लूट की थी। घटना के बाद तीनों मौके से भाग गए थे। आरोपी ने बताया कि लूटा गया मोबाइल और नकदी उसके अन्य साथियों के पास है। पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बड़ागांव थाने में वर्ष 2024 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र धर दूबे और हेड कांस्टेबल नन्द लाल यादव शामिल रहे।

Share this story