वाराणसी : शादी का झांसा देकर युवती के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। थाना सिगरा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप मौर्या पुत्र दिनेश प्रसाद मौर्या निवासी कवि टोला मच्छरहट्टा, थाना रामनगर के रूप में हुई है। पुलिस उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

मुखबिर की सूचना पर थाना सिगरा पुलिस ने गुरुवार को मालगोदाम रोड क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0214/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

पीड़िता थाना भेलूपुर क्षेत्र के खोजवा इलाके की रहने वाली है। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात संदीप मौर्या से गुरुधाम दुर्गाकुंड क्षेत्र में हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे दोस्ती हो गई और मोबाइल पर बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के दौरान आरोपी उसे मलदहिया स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गया, जहां उसने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के अनुसार, मार्च 2026 में उसे गर्भवती होने की जानकारी मिली। इस बीच फरवरी माह में उसकी शादी राहुल जायसवाल नामक युवक से हो गई थी। शादी के बाद जब उसके पति को गर्भावस्था की जानकारी हुई तो उन्होंने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता आरोपी संदीप मौर्या के पास पहुंची और शादी करने की बात कही, लेकिन आरोपी ने भी शादी से इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़िता ने थाना सिगरा में मुकदमा दर्ज कराया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक इन्द्रकांत मिश्रा, कांस्टेबल अनिल कुमार पटेल और कांस्टेबल नागेंद्र कुमार सिंह शामिल रहे।

Share this story