वाराणसी : शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो वायरल करने की दी धमकी, आरोपी गिरफ्तार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लोहता थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार पुत्र रामजतन निवासी ग्राम ईश्वरपुर, थाना बड़ागांव, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। उसे गुरुवार को लोहता क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती की नग्न फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना लोहता में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 67ए के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय और उपनिरीक्षक मोहम्मद परवेज शामिल रहे।

Share this story