वाराणसी : प्रेमजाल में फंसाकर युवती के साथ किया दुष्कर्म, ब्लैकमेल, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप में वांछित एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर मेहदीगंज बस स्टैंड के पास से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रितेश पाल निवासी प्रतापपुर, थाना मिर्जामुराद का निवासी है। उसके विरुद्ध थाना मिर्जामुराद में दर्ज मुकदमा संख्या 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
मामले में पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार आरोपी ने पहले उससे प्रेम संबंध स्थापित किए और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में उसने युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो अपने पास रख लिए तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका मानसिक और शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी के दबाव का विरोध किया और संबंध समाप्त करने का प्रयास किया, तब आरोपी ने उसे तथा उसके परिवार के सदस्यों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
रविवार को क्षेत्र में चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मेहदीगंज बस स्टैंड के समीप घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।

