वाराणसी : नाबालिग से छेड़छाड़ और शादी का दबाव बनाने का आरोपी गिरफ्तार, रामनगर पुलिस ने 24 घंटे में की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और उस पर शादी का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर रामनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज किया और 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी शिवम् विश्वकर्मा पुत्र संतोष विश्वकर्मा, निवासी रमईपुर पिंडरा फूलपुर, जनपद वाराणसी, नाबालिग लड़की को लगातार परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह पीड़िता से छेड़छाड़ करता था और शादी के लिए दबाव बनाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों ने भी आरोपी पर लगातार परेशान करने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और 14 जून 2026 को ग्राम भीटी, थाना रामनगर क्षेत्र से शिवम् विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता की सुरक्षा व न्याय सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 75 BNS, धारा 78 BNS, धारा 351(2) BNS और 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई होने से मामला और गंभीर माना जा रहा है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक आदित्य कुमार राय, कांस्टेबल अजीत यादव और कांस्टेबल विपिन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this story