वाराणसी : चॉकलेट का लालच देकर 6 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ करता था पड़ोसी, मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा इलाके में छह वर्षीय बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
परिजनों के मुताबिक, बच्ची ने रोते हुए उन्हें घटना की जानकारी दी। बच्ची का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक उसे बहला-फुसलाकर गली में ले जाता था। वहां उसके साथ गलत हरकत करता था। विरोध करने या किसी को घटना के बारे में बताने पर आरोपी उसे धमकी देता था। आरोप है कि वह बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर चुप रहने के लिए भी कहता था। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि युवक ने बच्ची के साथ एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार ऐसी हरकत की। वह मौका देखकर बच्ची को अपने साथ ले जाता था और डराकर उसे घटना किसी को न बताने के लिए मजबूर करता था। परिजनों को बाद में घटना की जानकारी हुई।
इसके बाद परिवार के लोग बच्ची को लेकर जैतपुरा थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में बच्ची का बयान दर्ज किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

