वाराणसी: रिंग रोड पर मारपीट कर छीन लिया था मोबाइल, आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
वाराणसी। लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र में हुई मोबाइल छिनैती की घटना का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर वांछित अभियुक्त ओमप्रकाश उपाध्याय निवासी गोइठहां को रविवार की सुबह रिंग रोड ऐढ़े इलाके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से छिनैती का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिससे मामले का खुलासा हो गया।
घटना शनिवार की है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी गाड़ी को रोककर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। इस शिकायत के आधार पर थाना लालपुर-पाण्डेयपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अरुण कुमार को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की और उनकी लोकेशन ट्रेस की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरुण कुमार, कांस्टेबल दिलीप कुमार और कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

