वाराणसी : कार वॉशिंग सेंटर की जांच के दौरान लेखपाल पर हमला, कुचलने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार, कार सीज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में कार वॉशिंग सेंटर की जांच करने पहुंचे लेखपाल पर हमला और कुचलने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी कार को सीज कर दिया है।

परमानंदपुर हल्का के लेखपाल तीरथ कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर पर अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इसी सूचना के आधार पर वह जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद सेंटर संचालक समेत चार लोगों ने लेखपाल पर हमला कर दिया। इस दौरान लेखपाल को गंभीर चोटें आईं।

आरोप है कि हमलावरों ने लेखपाल को कार से कुचलने का भी प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं घटना में प्रयुक्त कार को भी सीज कर लिया गया है।

प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Share this story