वाराणसी : मारपीट कर किया घायल, बेहोश होने के बाद ले गए मोबाइल, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
26 मार्च को वादी ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने एक मित्र के साथ सुसुवाही जा रहा था। इसी दौरान अमन टी स्टाल के पास तेज रफ्तार बाइक से आए दो अज्ञात युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद वे अपने अन्य साथियों के साथ लौटे।
आरोप है कि सभी ने मिलकर लोहे की रॉड और लात-घूंसों से वादी और उसके मित्र की पिटाई की। इस हमले में वादी को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके मित्र के सिर में चोट लगने से वह बेहोश हो गया। मामले में थाना चितईपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सोमवार को आरोपी नीलेश दुबे उर्फ राजा दुबे निवासी मचिया कला थाना चंदौली, जिला चंदौली को आरके हाइट होटल के सामने स्थित अपार्टमेंट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से करीब 30 हजार रुपये कीमत का सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी को विधिवत दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक विवेक शुक्ला, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार यादव और कांस्टेबल कमल किशोर शामिल रहे।

