वाराणसी : शादी का झांसा देकर शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जंसा पुलिस की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

पुलिस के अनुसार, आरोपी जय कुमार राजभर निवासी ग्राम भाला, थाना चौरी, जनपद भदोही, को कतवारूपुर नहर के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ थाना जंसा में मु0अ0सं0 51/2026 के तहत धारा 69 और 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।

घटना के संबंध में बताया गया कि आरोपी और पीड़िता पिछले लगभग चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। इस दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। आरोप है कि 26 दिसंबर 2025 को आरोपी पीड़िता को उड़ीसा ले गया, जहां उसने करीब दो महीने तक उसे अपने साथ एक ही कमरे में पति-पत्नी की तरह रखकर शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का आरोप है कि इस पूरे मामले में आरोपी के माता-पिता और भाई की भी संलिप्तता रही है। बाद में जब उसने आरोपी से शादी करने के लिए कहा, तो उसने साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता और उसके भाई को जान से मारने की धमकी भी दी।

बताया गया कि 20 मार्च को आरोपी दोबारा पीड़िता के घर पहुंचा और किसी अन्य से शादी कर लेने की धमकी देकर चला गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में तहरीर दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक जंसा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में अन्य नामजद लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this story