वाराणसी : युवती से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो भेजकर तुड़वाई शादी, पिता-पुत्र पर मुकदमा
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पड़ोसी गांव के युवक और उसके पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी है। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसके अश्लील वीडियो बना लिए। बाद में शादी तय होने की जानकारी मिलने पर आरोपित ने वीडियो उसके होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों को भेज दिया, जिससे शादी टूट गई। युवती की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती के मुताबिक वर्ष 2023-24 में वह कॉलेज जाती थी। आरोप है कि पड़ोसी गांव निवासी पंकज कुमार स्वामी बाइक से कॉलेज छोड़ने के बहाने उसे वाराणसी के लठियां स्थित अपने आवास पर ले जाता था। युवती का आरोप है कि इसी दौरान पंकज ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली। लोकलाज और सामाजिक दबाव के कारण उसने घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दी।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी तय होने की जानकारी पंकज को हुई तो उसने 17 सितंबर को उसके होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों को आपत्तिजनक वीडियो भेज दिया। वीडियो सामने आने के बाद शादी टूट गई। आरोप है कि इसके बाद पंकज वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती पर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा।
युवती का आरोप है कि उसने मामले की जानकारी पंकज के शिक्षक पिता चंद्रशेखर स्वामी को दी। आरोप है कि उन्होंने भी मामले की शिकायत कहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। युवती ने जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर पंकज कुमार स्वामी और उसके पिता चंद्रशेखर स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

