वाराणसी : 3 साल से फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, कोर्ट की फाइल गायब करने का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
वाराणसी। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कैंट थाना की टीम ने तीन साल से फरार 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर न्यायालय की महत्वपूर्ण पत्रावली गायब करने का गंभीर आरोप था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजाराम के रूप में हुई है, जो वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव का निवासी है। वह पहले न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम) वाराणसी के यहां लिपिक के पद पर कार्यरत था। आरोपी के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था।
इस मामले में 14 अगस्त 2023 को जनपद न्यायालय वाराणसी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप था कि राजाराम ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई मुकदमों की सरकारी पत्रावली अपनी अभिरक्षा से गायब कर दी थी। इस गंभीर लापरवाही और आपराधिक कृत्य के चलते उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार तलाश के बाद 22 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10:10 बजे पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे “जीरो टॉलरेंस” अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त (कैंट सर्किल) द्वारा की जा रही थी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक आशुतोष तिवारी और उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह शामिल रहे।

