वाराणसी : मुठभेड़ की होगी मजिस्ट्रेट जांच, 30 मार्च तक साक्ष्य देने की अपील
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के सीवों अंडरपास के पास 4 फरवरी 2026 की रात हुई एसटीएफ और अभियुक्तों के बीच मुठभेड़ मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी राजातालाब शांतुन कुमार सिनसिनवार को इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस मुठभेड़ में गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के गैरहट गांव निवासी अभियुक्त बनारसी यादव (पुत्र राजनाथ उर्फ झोटा यादव) घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान बनारसी यादव ने एसटीएफ वाराणसी यूनिट पर जानलेवा फायरिंग की थी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई प्रत्यक्ष जानकारी, दस्तावेज या अन्य साक्ष्य हों, तो वे 30 मार्च 2026 तक उनके न्यायालय में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी प्राप्त साक्ष्यों और बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी, ताकि घटना के हर पहलू की सच्चाई सामने आ सके।

