वाराणसी : मोतियों के दिव्य श्रृंगार से सजीं मां दुर्गा, दो दिवसीय महोत्सव में उमड़ी आस्थावानों की भीड़

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित विश्व प्रसिद्ध मां दुर्गा मंदिर में आयोजित दो दिवसीय भव्य श्रृंगार महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हो गया। महोत्सव के दूसरे दिन मां दुर्गा का मनोहारी श्रृंगार मोतियों की मालाओं से किया गया। भोर की मंगला आरती से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और पूरे दिन "जय माता दी" के जयघोष तथा देवी भजनों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। काशी सहित आसपास के जिलों और विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

महोत्सव का आयोजन मंदिर के महंत चंचल दुबे एवं सोनू झा के नेतृत्व में हुआ। पहले दिन मां का स्वर्ण आभूषणों और रंग-बिरंगे पुष्पों से भव्य श्रृंगार कर छप्पन भोग अर्पित किया गया था, जबकि दूसरे दिन मोतियों की मालाओं से अलंकृत माता के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं के बीच हरी चूड़ियों का वितरण भी किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार हरी चूड़ियां अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और परिवार के मंगल का प्रतीक मानी जाती हैं। महिलाओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

श्रृंगार दर्शन के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप हलवा और चने की घुघरी वितरित की गई। महंत चंचल दुबे ने बताया कि यह महोत्सव वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है और इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालु मां दुर्गा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की थीं।

Share this story