वाराणसी : रिंग रोड पर एलपीजी टैंकर पलटा, चालक गंभीर रूप से घायल
वाराणसी। हल्दिया (पश्चिम बंगाल) से अमेठी (उत्तर प्रदेश) जा रहा एलपीजी गैस से भरा टैंकर शनिवार दोपहर रिंग रोड स्थित बभनपुरा-चौबेपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक नौशाद (40 वर्ष), निवासी बरिस्ता थाना लीलापुर, जनपद प्रतापगढ़, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल चालक के अनुसार अचानक सामने आए गोवंश को बचाने के प्रयास में टैंकर डिवाइडर पर चढ़ गया और संतुलन बिगड़ने से पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी नरपतपुर भेजवाया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि चालक के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका सीटी स्कैन कराया जाना आवश्यक है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एलपीजी से भरे टैंकर के पलटने की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनएचएआई के अधिकारी-कर्मचारी तथा एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर मुख्य मार्ग से वाहनों का आवागमन रोककर ट्रैफिक को सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया गया, ताकि किसी संभावित खतरे से बचा जा सके।

