वाराणसी : मॉडल शॉप से देर रात बिक रही थी शराब, पुलिस ने की छापेमारी, तीन कर्मचारी धराए, भारी मात्रा में शराब बरामद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंट स्टेशन क्षेत्र स्थित एक मॉडल शॉप से अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, बीयर और देसी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

123

पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध नियंत्रण और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र के निर्देशन में रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह और उनकी टीम ने कैंट स्टेशन के पास विजयनगरम मार्केट क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि मॉडल शॉप के कुछ कर्मचारी देर रात निर्धारित समय और तय कीमत से अधिक दामों पर शराब बेच रहे हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जौनपुर जिले के जलालपुर निवासी सोनू यादव और संदीप यादव तथा चौबेपुर थाना क्षेत्र के रजवाड़ी निवासी शिवपूजन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से 55 बोतल अंग्रेजी शराब, 41 कैन और बोतल बीयर तथा 16 बोतल देसी शराब बरामद की।

123

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मॉडल शॉप में कर्मचारी के रूप में काम करते हैं और रात में ग्राहकों को अधिक कीमत पर शराब बेचते थे। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से लंबे समय से अतिरिक्त कमाई की जा रही थी। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this story