वाराणसी : भवनस्वामियों के लिए 31 मार्च तक मौका, टैक्स न चुकाने पर अप्रैल से कुर्की-जब्ती की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम ने जलकर और सीवर कर के बकायेदारों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। सरचार्ज (ब्याज) माफी की अंतिम तिथि 31 मार्च तय की गई है, जिसके बाद किसी भी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा न करने वालों के खिलाफ अप्रैल से सख्त कार्रवाई शुरू होगी।

रविवार को अवकाश के बावजूद नगर निगम के जोनल कार्यालयों में भारी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान 2500 से अधिक भवन स्वामियों ने करीब 2.35 करोड़ रुपये का टैक्स (गृहकर, जलकर व सीवर कर) जमा किया। यह आंकड़ा दर्शाता है कि लोग अंतिम समय में सरचार्ज छूट का लाभ उठाने के लिए सक्रिय हो गए हैं।

नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बकायेदारों की पहचान कर सूची तैयार की जाए। अप्रैल माह से ऐसे लोगों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा, जिसमें कुर्की और संपत्ति जब्ती जैसी कड़ी कार्रवाई भी शामिल होगी। उन्होंने यह भी कहा कि नए वित्तीय वर्ष 2026-27 में पुराने बकाये पर पूरा ब्याज जोड़कर वसूली की जाएगी।

डिजिटल भुगतान को लेकर भी लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है। रविवार को जमा हुए कुल टैक्स में लगभग 40 प्रतिशत भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया गया। नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए लोग घर बैठे आसानी से अपना बकाया जमा कर रहे हैं, जिससे उन्हें लंबी कतारों से राहत मिल रही है।

जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने 31 मार्च तक सभी टैक्स कलेक्शन सेंटरों को रात 9 बजे तक खुले रखने का निर्णय लिया है। इसके बावजूद यदि कोई भवन स्वामी भुगतान नहीं करता है, तो उसे कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

इसके अलावा निगम ने दुकानों के किराये और लाइसेंस शुल्क को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। निर्धारित समय पर भुगतान न करने पर मूल धनराशि पर सीधे 50 प्रतिशत विलंब शुल्क लगाया जाएगा। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने बकाये का भुगतान कर अनावश्यक कार्रवाई से बचें।

Share this story