वाराणसी : लोहरापुर में 417 लाख की लागत से बन रहा कस्तूरबा विद्यालय, विधायक ने किया निरीक्षण
वाराणसी। रोहनियां विधायक डॉ. सुनील पटेल ने शुक्रवार को आराजी लाइन विकासखंड के लोहरापुर गांव में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं छात्रावास का निरीक्षण किया। लगभग 417.08 लाख रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में क्षेत्रीय जनता की मांग पर इस विद्यालय की स्वीकृति दिलाई गई। उन्होंने कहा कि उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग से शासन द्वारा 417.08 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।

विधायक ने बताया कि धनराशि अवमुक्त होते ही 12 सितंबर 2024 को भूमि पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया था। अब भवन लगभग तैयार है और शीघ्र ही निर्माण कंपनी द्वारा इसे शिक्षा विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। छात्रावास में 100 छात्राओं के आवास की व्यवस्था की गई है, जिससे क्षेत्र की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्रारंभ होने से रोहनिया विधानसभा क्षेत्र की छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा। दूरदराज के गांवों की बालिकाएं भी अब शिक्षा से वंचित नहीं रहेंगी। आगामी शैक्षणिक सत्र अप्रैल से प्रवेश प्रक्रिया शुरू किए जाने की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता पंकज राय, सहायक अभियंता अरुण राय, अभियंता अमरेश बिन्द, ग्राम प्रधान संतोष वर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

