वाराणसी : सड़क चौड़ीकरण के दौरान फटी जल निगम की पाइपलाइन, 5000 लोगों पर पेयजल संकट

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जब जल निगम की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। यह घटना खालिसपुर नहर के पास दिन के समय हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पाइपलाइन टूटते ही तेज दबाव के साथ पानी बाहर निकलने लगा और कुछ ही मिनटों में सड़क, नहर किनारा और आसपास का क्षेत्र जलमग्न हो गया। घटना के बाद लगभग 5000 लोगों के लिए पेयजल संकट खड़ा हो गया है। 

गंजरी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को सीधे जोड़ने के लिए नहर मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी कार्य के तहत जेसीबी मशीन से सड़क किनारे खुदाई और समतलीकरण किया जा रहा था। इस दौरान भूमिगत पाइपलाइन का सही आकलन नहीं किया गया और जेसीबी की टक्कर से जल निगम की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन में पानी का दबाव अधिक होने के कारण टूटते ही पानी तेज गति से फव्वारे की तरह बाहर निकलने लगा।

123

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। अचानक हुए जलभराव को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं जलापूर्ति बाधित होने को लेकर लोगों में चिंता भी साफ दिखी। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में आवश्यक सावधानियां नहीं बरती जा रही हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं और आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से करीब 5000 लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। पूरे क्षेत्र की जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिसके चलते लोगों को हैंडपंप और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय पानी की किल्लत ज्यादा महसूस की जा रही है। फिलहाल, संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है और पाइपलाइन की मरम्मत के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, जलापूर्ति बहाल होने में अभी समय लग सकता है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Share this story