वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर, 39 डिग्री पहुंचा पारा, अगले दो दिनों में 42 डिग्री तक पहुंचने के आसार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मई महीने की शुरुआत के साथ ही वाराणसी में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बाद अब तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ काशी प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है।

पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण शहरवासियों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह होते ही तेज धूप का असर दिखाई देने लगता है और दोपहर तक सड़कें तपने लगती हैं। बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही भी कम दिखाई दी।

123

गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
शुक्रवार को करीब 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, लेकिन इन हवाओं में ठंडक नहीं बल्कि गर्मी महसूस हुई। तेज गर्म हवाओं के कारण लोगों को किसी तरह की राहत नहीं मिल सकी। दोपहर के समय लू जैसे हालात बने रहे, जिससे राहगीरों और कामकाजी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तेज धूप से बचने के लिए लोग सिर पर गमछा, टोपी और छाता लेकर निकलते दिखे। वहीं सड़कों पर ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी, गन्ने का रस और बेल के शरबत की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई।

123

सात दिनों में 9 डिग्री तक बढ़ा तापमान
मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में इस समय शुष्क पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा और आसमान साफ रहने के कारण धूप का असर और बढ़ सकता है। इसके चलते दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

123

दोपहर में सड़कों पर कम हुई चहल-पहल
तेज गर्मी का असर शहर की दैनिक गतिविधियों पर भी दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय प्रमुख बाजारों और सड़कों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ नजर आई। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं रिक्शा, ई-रिक्शा और ठेला चालकों को भी गर्मी के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूल से लौटने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के भोजन का सेवन करने की सलाह दी है।

123
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। विभाग ने लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पश्चिमी शुष्क हवाओं का प्रभाव इसी तरह बना रहा तो मई के दूसरे सप्ताह में गर्मी और अधिक तीव्र हो सकती है। उन्होंने कहा कि दोपहर के बाद अचानक बादल छाना हवा चलना और बारिश होना संभावित है। उन्होंने कहा कि चार-पांच दिनों तक टेंपरेचर कम होने की संभावना नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि इस समय लगभग 35 से 36 डिग्री के ऊपर तापमान है।

Share this story