वाराणसी : हाईवे पर भिड़े दरोगा और कंटेनर चालक, पुलिसकर्मियों पर रॉड से हमले का प्रयास, वीडियो वायरल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव के समीप रिंग रोड के पास रविवार शाम पुलिसकर्मी और कंटेनर चालक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला मारपीट और हमले के प्रयास तक पहुंच गया। आरोप है कि दरोगा ने चालक को थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद आक्रोशित चालक कंटेनर से लोहे का रम्मा निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमले के लिए दौड़ पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहा कंटेनर चालक रविवार शाम हाईवे की दक्षिणी पटरी पर वाहन खड़ा कर खरीदारी करने रुका था। इसी दौरान खजुरी चौकी पर तैनात एक दरोगा और सिपाही वहां पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने चालान करने की बात कहकर चालक से कथित तौर पर रुपये मांगने शुरू कर दिए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोप है कि इसी दौरान दरोगा ने चालक को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज चालक कंटेनर से लोहे का रम्मा लेकर नीचे उतर आया और पुलिसकर्मियों पर हमले का प्रयास करने लगा। वहीं, कंटेनर का खलासी भी करीब छह फीट लंबी लोहे की रॉड लेकर पहुंच गया। इस दौरान हाईवे पर अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
वायरल वीडियो में दिखी तीखी झड़प
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिसकर्मियों और कंटेनर चालक के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। खलासी के हाथ में लंबी लोहे की रॉड भी नजर आ रही है। आरोप है कि चालक ने पुलिसकर्मियों पर कंटेनर चढ़ाने का प्रयास किया और इसके बाद वाहन लेकर प्रयागराज की ओर भागने लगा। इस दौरान मिर्जामुराद थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।

