वाराणसी : समरसता रैली के जरिए एनडीए के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की पहल, विपक्ष पर जमकर बरसे ओमप्रकाश राजभर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एनडीए के जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दल केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए “समरसता रैली” का आयोजन कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि इन रैलियों का उद्देश्य केवल राजनीतिक संवाद नहीं, बल्कि योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों के अनुभवों को आम जनता तक पहुंचाना भी है। उन्होंने बताया कि रैलियों में बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं और सरकार की योजनाओं के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं, जिससे जनता में जागरूकता बढ़ रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान ओपी राजभर ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता केवल स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं और उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। खासतौर पर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे दिन में भाजपा और उसके सहयोगियों की आलोचना करते हैं, जबकि रात में सरकार के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करते हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक दोहरापन करार दिया।

उन्होंने मध्य प्रदेश की राजनीति का जिक्र करते हुए भी विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वहां भी कुछ विपक्षी नेताओं ने अप्रत्यक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया था, जिसे जनता भली-भांति समझ रही है। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मंत्री ने कहा कि पार्टी स्तर पर तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए के सभी घटक दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाकर समर्थन हासिल करेंगे।

इस दौरान उन्होंने राजनीतिक बयानबाजी करते हुए कहा कि केवल दिखावे से कोई मजबूत नहीं बन सकता। उनका इशारा विपक्षी दलों की रणनीति की ओर था। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक है और सही-गलत का फर्क अच्छी तरह समझती है।

Share this story