भीषण गर्मी की चपेट में वाराणसी, प्रशासन ने एक्टिव किया अर्बन हीट एक्शन प्लान, अस्पतालों में विशेष इंतजाम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। तापमान में लगातार हो रही वृद्धि और लू के खतरे को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने जनपद में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि लोगों को गर्मी से राहत देने और हीट स्ट्रोक की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से “अर्बन हीट एक्शन प्लान” को सक्रिय कर दिया गया है।

123

जिलाधिकारी ने कहा कि छोटे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके अलावा नगर निगम और प्रशासन की ओर से शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था कराई गई है। खासकर उन प्रमुख चौराहों और ट्रैफिक सिग्नलों पर, जहां लोगों को लंबे समय तक रुकना पड़ता है, वहां छांव की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को तेज धूप से राहत मिल सके।

123

स्वास्थ्य विभाग भी हीट वेव से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के लिए तीन विशेष वार्ड बनाए गए हैं। अस्पताल के असिस्टेंट सीएमएस डॉ प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मरीजों की लगातार जांच की जा रही है और जिन लोगों में लू या हीट वेव के लक्षण मिल रहे हैं, उन्हें तत्काल भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। वार्डों में जरूरी चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।

123

भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और जरूरी काम होने पर ही बाहर जाना पड़ रहा है। कई लोग गर्म हवाओं और तपिश से बचने के लिए गमछा और कपड़े से चेहरा ढंककर निकल रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और लू से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाएं।

Share this story