वाराणसी : इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चल रहा था अवैध गैस रिफिलिंग का खेल, छापेमारी में सिलेंडर व उपकरण बरामद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भदोही-जंसा मार्ग स्थित बड़ौरा क्षेत्र में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना पर खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर की गई, जिसमें अवैध गैस रिफिलिंग से जुड़े उपकरण और सिलेंडर बरामद किए गए।

छापेमारी के दौरान दुकान संचालक मुन्नी लाल विश्वकर्मा और आशीष विश्वकर्मा मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके से एक भरा हुआ गैस सिलेंडर, चार खाली सिलेंडर, गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त अवैध उपकरण और पेचकस बरामद किया। बरामद सामान से स्पष्ट हुआ कि यहां नियमों के विरुद्ध गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक है।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राजातालाब गुलाब चंद, पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र कुमार और विकास यादव मौजूद रहे। वहीं जंसा थाना पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव और महिला कांस्टेबल ने भी अभियान में सहयोग किया।

Share this story