वाराणसी : नालों पर अवैध कब्जे हटेगा, अतिक्रमणकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई, मेयर ने दिए सख्त निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम ने बरसात से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई और सुधार कार्य तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नदेसर व वरुणापार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

123

निरीक्षण के दौरान महापौर सबसे पहले नदेसर वार्ड स्थित धोबी घाट नाले पर पहुंचे। यहां नाले की खराब स्थिति को देखते हुए उन्होंने रास्ते को तत्काल पक्का कराने, अवैध कब्जों को हटाने और सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नालों के ऊपर या किनारे किए गए किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।

इस दौरान यह भी सामने आया कि सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण एक सामुदायिक भवन लंबे समय से बंद पड़ा है। इस पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सीवर लाइन दुरुस्त कर भवन को फिर से शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके।

123

महापौर ने सफाई कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अलग-अलग नालों की सफाई की अंतिम तिथियां भी तय कीं। उन्होंने रनिया महाल के नाले की सफाई 10 मई तक, तेलियाबाग सहकारी बैंक से चौकाघाट मार्ग तक के नाले की सफाई 15 मई तक और मरी माता मंदिर से कैंट रोड तक के नाले की सफाई हर हाल में 25 मई तक पूरी करने का अल्टीमेटम दिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्षद सुशील गुप्ता योगी, मदन मोहन दुबे, सिद्धनाथ शर्मा, संदीप रघुवंशी, दिनेश यादव, अमित मौर्या सहित अपर नगर आयुक्त सविता यादव और जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद उपस्थित रहे।

Share this story