वाराणसी : भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल की कोशिश नाकाम, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ अभ्यर्थी STF की हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के लघु सिंचाई विभाग में सहायक बोरिंग तकनीशियन पद की भर्ती परीक्षा के दौरान वाराणसी में हाईटेक नकल का प्रयास पकड़ा गया। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कार्रवाई करते हुए एक अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ हिरासत में लिया है। मामले में उससे पूछताछ की जा रही है।

भर्ती परीक्षा के लिए सिगरा थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के दौरान एसटीएफ को अभ्यर्थी द्वारा संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के इस्तेमाल की सूचना मिली। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने तत्काल छापेमारी कर संबंधित अभ्यर्थी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान अभ्यर्थी के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा में अनुचित लाभ लेने के उद्देश्य से इस डिवाइस का इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि पुलिस और एसटीएफ अभी यह पता लगाने में जुटी है कि डिवाइस किस प्रकार कार्य कर रहा था और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं।

हिरासत में लिए गए अभ्यर्थी से एसटीएफ की टीम गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके मोबाइल, डिवाइस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई है।

प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी संगठित नकल गिरोह या अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story