वाराणसी : हिरामनपुर को विकास की सौगात, 13 परियोजनाओं का शिलान्यास, 3162 लाभार्थियों को मिला आवास स्वीकृति पत्र
वाराणसी। हिरामनपुर क्षेत्र में मुख्यमंत्री अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत 13 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने 3162 लाभार्थियों को आवास का स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के माध्यम से मलिन बस्तियों एवं पिछड़े क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत प्रकाश व्यवस्था सहित बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

कार्यक्रम के दौरान शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल 3162 प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। यह स्वीकृति पत्र माननीय मंत्री के करकमलों द्वारा लाभार्थियों को प्रदान किए गए। इस अवसर पर लेढूपुर, दीनापुर, संदहा एवं सलारपुर क्षेत्र से आए लाभार्थियों की उपस्थिति रही।
मंत्री ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक को पक्के आवास का सपना साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

