वाराणसी : स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे स्टेशन पर हाईअलर्ट, GRP-RPF ने संभाला मोर्चा, प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों तक सघन चेकिंग, डॉग और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की तैनाती
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस को लेकर वाराणसी के रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि और संभावित सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीमें लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान चला रही हैं। स्टेशन परिसर के संवेदनशील स्थानों के साथ ट्रेनों में भी सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

GRP इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। अभियान में GRP और RPF के अलावा बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल को भी लगाया गया है। सुरक्षा टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्लेटफॉर्म से ट्रैक तक निगरानी
सुरक्षा बल प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, अमानती घर, पार्सल घर, पार्किंग क्षेत्र और रेलवे ट्रैक समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जांच कर रहे हैं। ट्रेनों में भी यात्रियों और उनके सामान की निगरानी की जा रही है। संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस सामान मिलने पर तत्काल जांच की जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस के आसपास स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों के साथ लावारिस वस्तुओं और वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
इंस्पेक्टर रजोल नागर ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी अपरिचित व्यक्ति द्वारा दी गई खाद्य सामग्री या अन्य वस्तु का इस्तेमाल न करें। यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने के बजाय तत्काल GRP, RPF या संबंधित सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने यात्रियों से ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय मोबाइल, पर्स, बैग और अन्य सामान का विशेष ध्यान रखने को कहा। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।

कांवड़ यात्रियों से सहयोग की अपील
सावन के चलते बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु भी ट्रेनों से यात्रा कर रहे हैं। GRP ने कांवड़ यात्रियों से अनुशासन बनाए रखने और सहयात्रियों की सुविधा का ध्यान रखने की अपील की है। रेलवे और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस तक सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी। सुरक्षा बलों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराना है।
तस्वीरें ...









