वाराणसी : प्रसूता की मौत मामले में स्वास्थ्य विभाग सख्त, सीएमओ ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रुस्तमपुर स्थित एक निजी मैटरनिटी होम में प्रसव के बाद 22 वर्षीय प्रसूता कंचन कुमारी की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जांच समिति ने मंगलवार को रुस्तमपुर स्थित अभय क्लिनिक मैटरनिटी होम का निरीक्षण कर अस्पताल से संबंधित दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच की। समिति को मामले की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र सीएमओ को सौंपनी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नेवादा गांव निवासी कंचन कुमारी ने निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। प्रसव के करीब आठ घंटे बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था।

मृतका के पति मिथिलेश की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने अस्पताल को सील कर दिया है। मामले की पुलिस स्तर पर भी जांच जारी है।

सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभय क्लिनिक मैटरनिटी होम उनके कार्यालय में पंजीकृत नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और पुलिस अपने-अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहे हैं।

Share this story