वाराणसी : मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर समूह सखियों ने बुलंद की आवाज, ज्ञापन देकर मांगों से कराया अवगत 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले के आठ विकासखंडों की करीब 750 समूह सखी, आजीविका सखी और स्वास्थ्य सखियों ने मानदेय बढ़ाने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर आवाज उठाई है। सखियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय रखने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने और विभागीय कार्यों में सहयोग करने तक उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके एवज में मिलने वाला मानदेय बेहद कम है।

2000 रुपये मानदेय से काम करना मुश्किल
सखियों के अनुसार वर्तमान में उन्हें 2000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। 30 दिन के आधार पर इसकी गणना करीब 66.67 रुपये प्रतिदिन बैठती है। उनका कहना है कि इतनी राशि में विकासखंड कार्यालय और गांवों के बीच आने-जाने का खर्च निकालना भी मुश्किल होता है। इसके अलावा बैठक, सर्वे, फॉलोअप, एमआईएस, ऑनलाइन आवेदन और रिपोर्टिंग जैसे कार्य भी करने पड़ते हैं।

123

20 हजार रुपये मानदेय की मांग
सखियों ने मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी है। उनका कहना है कि कार्य की जिम्मेदारियों और ग्रामीण स्तर पर किए जाने वाले लगातार भ्रमण को देखते हुए मानदेय में उचित वृद्धि आवश्यक है।

स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की मांग
सखियों ने कार्यों को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए स्मार्ट मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे एमआईएस, ऑनलाइन आवेदन, समूहों का डेटा तैयार करने और डिजिटल रिपोर्टिंग में सुविधा होगी।

कार्य और कार्यक्षेत्र हो निर्धारित
ज्ञापन में सखियों ने उनकी स्पष्ट जिम्मेदारी और कार्यक्षेत्र निर्धारित करने तथा स्थायी अथवा नियत कार्य के आधार पर नियुक्ति की व्यवस्था करने की मांग की है।

गांवों में भ्रमण के लिए यात्रा भत्ता
पांचवीं मांग के रूप में गांव-गांव जाकर कार्य करने वाली सखियों को यात्रा भत्ता देने की मांग की गई है। सखियों ने अधिकारियों से ज्ञापन पर विचार कर संबंधित विभागों और उच्चाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराने का आग्रह किया है।

Share this story