वाराणसी : ऑनलाइन उपस्थिति और गैर-विभागीय कार्यों के विरोध में ग्राम पंचायत सचिवों का काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चिरईगांव ब्लॉक में ग्राम पंचायत/ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले सोमवार को ग्राम पंचायत सचिवों ने ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचकर ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और गैर-विभागीय कार्यों के दबाव के खिलाफ काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। सचिवों का कहना रहा कि ऑनलाइन उपस्थिति बाध्यकारी और अव्यवहारिक है, जिससे कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, साथ ही उन पर विभाग से बाहर के अनेक कार्य थोप दिए जा रहे हैं।

समन्वय समिति के ब्लॉक प्रभारी सुजीत यादव ने बताया कि जिलास्तरीय निर्देशानुसार यह विरोध चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में समिति ने आगामी कार्यक्रमों की घोषणा भी की है। तय कार्यक्रम के अनुसार 5 दिसंबर को जिले के सभी ग्राम पंचायत सचिव अधिकारी ह्वाट्सएप समूहों से अलग हो जाएंगे। इसके बाद 10 दिसंबर को सचिव अपने निजी वाहनों का उपयोग पूरी तरह बंद कर देंगे, जिससे अनावश्यक फील्ड प्रेशर का विरोध दर्ज होगा। वहीं 15 दिसंबर को सभी सचिव अपना डोंगल ब्लॉक मुख्यालय पर जमा करेंगे, जिससे ऑनलाइन प्रणाली का विरोध प्रत्यक्ष रूप से प्रदर्शित होगा।

समिति ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या विभाग के खिलाफ नहीं, बल्कि कार्य व्यवस्था सुधारने और सचिवों पर बढ़ते गैर-विभागीय बोझ को कम कराने के लिए है। आंदोलन की आगे की रणनीति उच्चस्तरीय समिति के निर्देशानुसार तय की जाएगी। मंत्रणा के बाद सचिवों ने काली पट्टी बांधकर सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराया।

Share this story