वाराणसी को योगी कैबिनेट में मिला एक और प्रतिनिधित्व, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा बने राज्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ/वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में रविवार को हुए मंत्रिमंडल विस्तार में वाराणसी को एक और बड़ी राजनीतिक सौगात मिली। वाराणसी से जुड़े भाजपा एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। जनभवन (राज्यपाल निवास) में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
ं

मंत्रिमंडल विस्तार में कुल आठ नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें भूपेन्द्र चौधरी, सोमेन्द्र तोमर, अजीत पाल, हंसराज विश्वकर्मा, कैलाश राजपूत, सुरेन्द्र दिलेर, कृष्णा पासवान और मनोज पाण्डेय शामिल हैं। वहीं सोमेन्द्र तोमर और अजीत पाल को प्रमोशन मिला है।

ं

एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा के मंत्री बनने से वाराणसी का राजनीतिक प्रतिनिधित्व योगी सरकार में और मजबूत हुआ है। इससे पहले वाराणसी से अनिल राजभर कैबिनेट मंत्री हैं, जबकि रविन्द्र जायसवाल और दयाशंकर मिश्र राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर सरकार में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

ं

इसके अलावा सिंधोरा निवासी ओम प्रकाश राजभर भी योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। हालांकि वह वाराणसी की किसी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व नहीं करते, बल्कि गाजीपुर जिले की जहूराबाद विधानसभा से विधायक हैं।

ं

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हंसराज विश्वकर्मा को मंत्रिमंडल में शामिल कर भाजपा ने पूर्वांचल, खासकर वाराणसी और पिछड़ा वर्ग के समीकरणों को साधने का बड़ा संदेश दिया है। वाराणसी को योगी सरकार में लगातार बढ़ती हिस्सेदारी को भाजपा संगठन और सरकार दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share this story