वाराणसी : वृहद पौधारोपण अभियान में रोपे गए पौधों की होगी जियो-टैगिंग, डीएम ने दिए निर्देश, नदियों के संरक्षण और कचरा प्रबंधन की बनी रणनीति 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला आर्द्रभूमि (वेटलैंड) समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, आर्द्रभूमियों के संवर्धन, वृक्षारोपण अभियान और विभिन्न पर्यावरणीय योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वर्ष 2026-27 के वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों का जायजा लेते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अभियान के तहत लगाए गए प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधरोपण की प्रभावी निगरानी की जा सके।

जिला गंगा समिति की समीक्षा में गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं जिला आर्द्रभूमि समिति की बैठक में जनपद की तीन आर्द्रभूमियों को अधिसूचित किए जाने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया।

जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट, ई-वेस्ट प्रबंधन, वायु गुणवत्ता सुधार, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण तथा UPECP पोर्टल पर सूचनाओं के समयबद्ध अद्यतन की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यावरण संरक्षण से संबंधित शासनादेशों, नियमों और मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story