वाराणसी : गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मकान क्षतिग्रस्त, एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलसा, घटना के बाद मची अफरातफरी
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुकुलपुरा इलाके में मंगलवार को गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हनुमान मंदिर शुकुलपुरा के पास स्थित एक मकान में हुए इस धमाके से भवन का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि हादसे में एक व्यक्ति झुलसकर घायल हो गया। घायल को तत्काल रवींद्रपुरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

शुकुलपुरा निवासी पेड़ा सोनकर के मकान में अनुज सोनकर किराए पर रहता था। बताया जा रहा है कि घटना के समय अनुज अपने परिवार के साथ दवा लेने घर से बाहर गया हुआ था और मकान में ताला बंद था। इसी दौरान मकान के ऊपरी हिस्से में बने किचन में अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि रसोईघर की दीवारें और छत का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
विस्फोट के कारण किचन में रखा पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। वहीं घर में रखी नकदी भी आग की चपेट में आने से पूरी तरह नष्ट हो गई। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया था, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की जानकारी किराएदार अश्वनी की बेटी ने अपने पिता को दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और मकान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर के उपयोग में सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

