वाराणसी : गंगा में उफान, चेतावनी बिंदु को छूने लगा जलस्तर, बाढ़ का खतरा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा एक बार फिर उफान पर हैं। गंगा का जलस्तर चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। शुक्रवार की दोपहर दो बजे जलस्तर 70.20 मीटर रिकार्ड किया गया, जो चेतावनी बिंदु से मात्र 6 सेंटीमीटर नीचे था। घाट जलमग्न हो चुके हैं। वहीं तटवर्ती इलाकों में पानी फैलने लगा है। ऐसे में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ से निबटने की व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस बार आशंका जताई जा रही कि गंगा का जलस्तर उच्चतम स्तर को पार सकता है। इसलिए लोग सशंकित हैं। 

गंगा के जलस्तर में दो दिनों से वृद्धि हो रही है। जलस्तर तेजी से ऊपर आ रहा है। ऐसे में 24 घंटे में गंगा चेतावनी बिंदु को छूने लगीं। लगभग एक सप्ताह पहले भी गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही थी। लेकिन कुछ दिनों बाद जलस्तर स्थिर हुआ फिर घटने लगा। इससे लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि, जलस्तर में दोबारा से तेजी से वृद्धि हो रही है। काशी के सभी घाट जलमग्न हो चुके हैं। वहीं आसपास के इलाकों में भी पानी फैलने लगा है। 

गंगा के जलस्तर में वृद्धि के चलते वरूणा में भी पलट प्रवाह हो रहा है। इससे वरूणा का जलस्तर भी बढ़ गया है। गंगा और वरूणा के उफान के चलते वाराणसी में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत शिविरों की स्थापना की गई है। इसके अलावा लोग अन्य सुरक्षित स्थानों पर भी शरण ले रहे हैं।

Share this story