वाराणसी : ऑटो में महिलाओं को बातों में उलझाकर चेन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक पुरुष समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो पीली धातु की चेन, दो मोबाइल फोन, 27 हजार रुपये नकद और एक स्कार्पियो बरामद हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को एक महिला ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह काली माता मंदिर के पास से ऑटो में बैठी थी। ऑटो में पहले से मौजूद तीन अज्ञात महिलाओं ने उसे बातचीत में उलझाकर उसके गले से चेन चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना उपनिरीक्षक रोशन कुमार कर रहे थे।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुधवार को आजमगढ़ रोड स्थित ऑटो स्टैंड के पास घेराबंदी की। सुबह करीब 8:40 बजे पुलिस ने बैजनाथ उर्फ बैजू निवासी फरसार, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर, सीमा निवासी करवनिया, बड़हलगंज, पिंकी निवासी सोहराबाद, रौनापार, आजमगढ़ और कुसुम (30) निवासी करवनिया, बड़हलगंज को गिरफ्तार किया।

कई जिलों में महिलाओं को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न जिलों में ऑटो और ई-रिक्शा से यात्रा करने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। बातचीत में उलझाकर उनके गले से चेन अथवा पास रखा अन्य सामान चोरी कर लेते थे। आरोपियों ने 8 सितंबर को काली माता मंदिर के पास एक महिला से चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, वे एक और वारदात की फिराक में थे, तभी पकड़ लिए गए।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में सीमा, पिंकी और कुसुम के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर में भी चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बैजनाथ के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this story