वाराणसी : फर्जी एंटी करप्शन-SIT बनकर वसूली करने वाला गिरोह पकड़ाया, महिला समेत तीन गिरफ्तार
वाराणसी। शहर में सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाकर खुद को एंटी करप्शन और एसआईटी का अधिकारी बताने वाले एक शातिर गिरोह का भेलूपुर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी जांच और शिकायतों का डर दिखाकर कर्मचारियों से वसूली कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी सौरभ गावा, फिरोज अहमद के रूप में हुई है। महिला भी उधम सिंह नगर की ही रहने वाली है। ये तीनों खुद को एंटी करप्शन और एसआईटी से जुड़ा अधिकारी बताकर सरकारी विभागों में पहुंचते थे और कर्मचारियों को जांच, शिकायत और कार्रवाई का भय दिखाकर मोटी रकम की मांग करते थे।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब जलकल विभाग के कर्मचारी हिमांशु श्रीवास्तव को इन आरोपियों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने उन्हें फर्जी शिकायती प्रार्थना पत्र का हवाला देकर डराया और पैसे की मांग की। शक होने पर हिमांशु ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उन्हें दौड़ाकर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कई फर्जी दस्तावेज, शिकायत पत्र और पहचान से जुड़े कागजात बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वे लोगों को डराने और अपनी पहचान साबित करने के लिए करते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पिछले कुछ समय से जलकल विभाग के कर्मचारियों को निशाना बना रहे थे और इस तरीके से कई लोगों से वसूली कर चुके हैं। पुलिस को शक है कि यह गिरोह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

