वाराणसी: रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण, 23 से 30 जून तक निरस्त रहेंगी चार ट्रेनें, 10 का रूट बदला
वाराणसी। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत गौरा-सुवंसा-बादशाहपुर-निभापुर, जंघई रेलखंड पर 27 किलोमीटर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते चार ट्रेनों को निरस्त किया गया है। वहीं करीब 10 ट्रेनें परिवर्तित मार्ग पर चलाई जा रही हैं।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार वाराणसी से संचालित होने वाली चार ट्रेनों को 23 जून से 30 जून तक निरस्त कर दिया गया है। इससे इस अवधि में यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
निरस्त की गई ट्रेनों में वाराणसी से मां बेल्हा देवी धाम के बीच चलने वाली 55141 विशेष ट्रेन तथा मां बेल्हा देवी धाम से वाराणसी आने वाली 55142 विशेष ट्रेन शामिल हैं। इसके अलावा गाजीपुर सिटी–प्रयागराज संगम विशेष ट्रेन (65117) और प्रयागराज संगम–गाजीपुर सिटी विशेष ट्रेन (65118) का संचालन भी निर्धारित अवधि के दौरान बंद रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कदम रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए उठाया गया है। परियोजना पूर्ण होने के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी, परिचालन क्षमता बढ़ेगी तथा यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन अथवा स्टेशन से ट्रेन संचालन संबंधी ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

