वाराणसी : सामूहिक दुष्कर्म कांड में चार टीमें गठित, तीन आरोपी हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती से गंगा किनारे हुए सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण में चौबेपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया है। मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेस और आपसी संपर्कों की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना पूर्वनियोजित थी या नहीं। पीड़िता की एक सहेली की भूमिका भी जांच के दायरे में है, जिसने मोबाइल बनवाने के बहाने युवती को घर से बुलाया था।

पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में सख्त धाराएं जोड़ने की तैयारी की जा रही है। घटना के संबंध में चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र निवासी एक नामजद आरोपी सहित चार अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। हिरासत में लिए गए युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

शनिवार को एडीसीपी नीतू ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस को फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Share this story