वाराणसी : थानों में तैनात चार उपनिरीक्षक बनाए गए चौकी इंचार्ज, प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर मिली तैनाती
वाराणसी। गोमती जोन में उपनिरीक्षकों की फील्ड तैनाती अब उनके कार्यप्रदर्शन, योग्यता और मेरिट के आधार पर की गई है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान ने उपनिरीक्षकों की फील्ड तैनाती एवं प्रभार सौंपने में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता देते हुए साक्षात्कार और कार्यप्रदर्शन का मूल्यांकन को आधार बनाया।
मूल्यांकन के दौरान उपनिरीक्षकों द्वारा की जा रही विवेचनाओं की स्थिति एवं गुणवत्ता, वाहन चेकिंग और चालान, अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, निरोधात्मक कार्रवाई तथा आईजीआरएस से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्रमुख आधार बनाया गया। इसके अलावा ई-साक्ष्य, यक्ष एप सहित अन्य पोर्टलों पर डाटा फीडिंग, हिस्ट्रीशीटरों की नियमित चेकिंग एवं निगरानी और उपनिरीक्षकों द्वारा किए गए सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया।
सभी बिंदुओं पर साक्षात्कार एवं कार्यप्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद मेरिट और कार्यक्षमता के आधार पर चार उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इसके तहत उपनिरीक्षक रितेश कुमार को थाना फूलपुर से चौकी प्रभारी धौकलगंज थाना कपसेठी के पद पर तैनाती की। इसी तरह उपनिरीक्षक सुनील कुमार को थाना बड़ागांव से चौकी प्रभारी मातलदेई बनाकर थाना राजातालाब भेजा गया है। उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह को थाना सिंधोरा से चौकी प्रभारी जक्खिनी के रूप में थाना राजातालाब भेजा गया है। वहीं उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव को थाना जंसा से चौकी प्रभारी औद्योगिक नगर बनाकर थाना फूलपुर भेजा गया है।

