वाराणसी : 55 लाख की लागत से बन कर तैयार हुईं चार सड़कें, राज्यमंत्री ने जनता को किया समर्पित, आवागमन में होगी सहूलियत
वाराणसी। प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने गुरुवार को उत्तरी विधानसभा के वरुणा पार क्षेत्र में विभिन्न निधियों से स्वीकृत लगभग 54.93 लाख रुपये की लागत से बनी चार सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में विधायक निधि, पूर्वांचल निधि और डूडा निधि से कराए गए निर्माण कार्य शामिल हैं।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिया कि शेष स्वीकृत परियोजनाओं को भी युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों में मानकों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

लोकार्पित कार्यों में वार्ड संख्या 20 राजाबाजार स्थित उत्तर अभिलाषा कॉलोनी वरुणापुल के निकट पीडब्ल्यूडी कार्यालय से 150 मीटर सड़क निर्माण शामिल है, जिसकी लागत 24.92 लाख रुपये (डूडा निधि) रही। वहीं वार्ड पांडेयपुर प्रेमचंद्र नगर कॉलोनी में अरविंद जायसवाल के कार्यालय से अनिल विश्वकर्मा के मकान तक दोनों तरफ इंटरलॉकिंग पटरी निर्माण 14.08 लाख रुपये (विधायक निधि) से कराया गया।
इसके अलावा वार्ड नई बस्ती अंतर्गत एस 9/67 आर अजय यादव के घर से रंगीले सोनकर के घर तक 7.59 लाख रुपये (पूर्वांचल निधि) की लागत से इंटरलॉकिंग कार्य तथा वार्ड संख्या 7 नई बस्ती में मकान संख्या 59/1051 गोसाई बाबा मंदिर से एस 19/108 संतोमा के मकान तक 8.34 लाख रुपये (डूडा निधि) से सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षदों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्यों के पूरा होने पर राहत व्यक्त की और सरकार के विकास कार्यों की सराहना की।

